Jambhsar Media Webdesk, New Delhi: राजस्थान के जैसलमेर में तेंदुआ देखे जाने की सुचना आई है. इस लेपर्ड (तेंदुआ) का पीछा वन विभाग की टीम व जोधपुर से आई विशेष टीम भी पीछा कर रही है, लेकिन पिछले 2 दिनों से लेपर्ड इनकी पकड़ में नहीं आ रहा है। वन विभाग के डीएफ़ओ पंकज गुप्ता ने बताया कि एक बार झाड़ियों में छिपा लेपर्ड नजर भी आया। लेकिन भीड़ को देखते हुए लेपर्ड वहां से भाग गया।
पंकज गुप्ता ने बताया कि लेपर्ड पहले भारत-पाक बॉर्डर की तरफ भागा था, लेकिन अब वो दुबारा उसी इलाके की तरफ लौट रहा है जहां उसने बकरी का शिकार किया था। टीम ट्रेंकुलाइज गन के साथ लगातार लेपर्ड के पगमार्क को देखकर उसका पीछा कर रही है, ताकि जल्द से जल्द उसको पकड़ा जा सके। वहीं ग्रामीणों में लेपर्ड के आने से भय का माहौल है और ग्रामीण भी चाहते हैं कि लेपर्ड जल्द से जल्द पकड़ा जाए।
पशुपालक पर किया हमला
गौरतलब है कि नहरी क्षेत्र के चक 6 DKWM ढाकलवाला निवासी इस्माइल खां पुत्र गुल मोहम्मद रविवार की रात अपनी ढाणी में सो रहा था। रात करीब 2 बजे ढाणी के बाहर बैठी बकरी पर लेपर्ड ने हमला किया और करीब 2 किलोमीटर दूर घसीटकर ले जाकर अपना शिकार बनाया।
सोमवार सुबह जब घर के आगे बकरी नहीं मिली तो इस्माइल खां ने पड़ोसियों से इधर-उधर पूछताछ की। इसके बाद इस्माइल खां, अब्दुला खां, जमशेर खां व आरिफ खां अपनी बकरी की तलाश करने निकले और एक किलोमीटर घूमने के बाद उन्हें बकरी मृत हालत में मिली।
बकरी के पास जंगली जानवर के पैरों के निशान देखे तो उसकी तलाश करने लगे। उनके अनुसार करीब 2 किलोमीटर दूरी तय करने के बाद धोरों व झाड़ियों में छिपे लेपर्ड को देखा, जिसने इस्माइल खां पर हमला कर चोटिल कर दिया। चिल्लाने पर वह भाग गया। इस्माइल खां का भारेवाला गांव के हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है.
रेस्क्यू टीम बुलाई, पकड़ने के प्रयास जारी
भारेवाला के क्षेत्रीय वन अधिकारी लखतप सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से सूचना देने पर पदचिह्नों की जांच की गई। इसके साथ ही उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है। उन्होंने बताया कि जोधपुर से वन विभाग की टीम को बुलवाया गया है। टीम की ओर से नहरी क्षेत्र में जाल बिछाकर लेपर्ड को पकड़ने के प्रयास जारी है। वहीं पिंजरा भी मंगवाया गया है ताकि उसको जल्द से जल्द पकड़ा जाए।








