असम के कछार जिले में उस समय तनाव व्याप्त हो गया जब दारुस सलाम हाफ़िज़िया और आलिया मदरसा में छात्रावास के अंदर एक 12 वर्षीय मदरसा छात्र का गला कटा हुआ मृत पाया गया। उसका शव उसके रूममेट्स को तब मिला जब उन्होंने उसे ‘नमाज़’ के लिए जगाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की गंभीरता को भांपते हुए कछार के पुलिस अधीक्षक (SP) नुमल महत्ता मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंचे।
सोमवार को हुई इस घटना में असम पुलिस ने 12 वर्षीय छात्र की गला काटकर हत्या के आरोप में मदरसे के इमाम (मुस्लिम मौलवी) को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी कछार जिले के धोलाई निर्वाचन क्षेत्र के लैलापुर के हवाईथांग में दारुस सलाम हाफ़िज़िया और आलिया मदरसे में 12 वर्षीय मदरसा छात्र का गला कटा हुआ शव मिलने के एक दिन बाद हुई।
रविवार की सुबह, मृतक के दोस्तों ने उसे मृत पड़ा पाया। हम मामले की जांच के लिए तुरंत मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में पता चला है कि घटना सुबह 3 से 4 बजे के बीच हुई होगी. हमने मदरसे के सभी छात्रों और शिक्षकों को पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस अधीक्षक नुमल महत्ता ने मीडियाकर्मियों को बताया कि मृतक का भाई भी उसी मदरसे में पढ़ता है और घटना के समय वह भी मौजूद था।
मदरसे के करीब 13 छात्रों को ढोलाई पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटना के बाद जिला प्रशासन ने मदरसे को सील कर दिया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि हत्या से कुछ दिन पहले मदरसे से भागने पर इमाम ने मृतक की पिटाई की थी। मामला सामने आने पर इमाम को बच्चे की पिटाई के लिए सार्वजनिक माफी मांगनी पड़ी। सार्वजनिक शर्मिंदगी का बदला लेने के लिए इमाम ने बच्चे की गला काटकर हत्या कर दी। इमाम कछार के कलैन गांव का रहने वाला है।
एक मीडिया चैनल के साथ इंटरव्यू में पुलिस अधीक्षक नुमल महत्ता ने कहा, ”हमने इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुक्चिल रहमान खान मदरसे का ‘इमाम’ है। हालाँकि उसने अपराध करने की बात कबूल नहीं की है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से पता चला है कि इमाम मुक्चिल खान ने मदरसे के छात्रावास में नाबालिग छात्र की हत्या कर दी थी। आरोपी पर आईपीसी की धारा 302 (हत्या करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। हम फिलहाल उससे पूछताछ कर रहे हैं। उसे बाद में अदालत में भेजा जाएगा। मामले की जांच चल रही है।”
12 वर्षीय मृतक राजिमुल हुसैन लस्कर ने तीन महीने पहले ही मदरसे में दाखिला लिया था। कथित तौर पर हुसैन इमाम रहमान खान को बताए बिना दो बार मदरसे से भाग गया था, जिससे वह नाराज हो गया था। जब वह वापस लौटा तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
हुसैन के परिजनों ने इसकी शिकायत मदरसे के मौलवियों से की है। मौलवियों ने इमाम रहमान खान से माफी मांगने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि वह भविष्य में ऐसा कृत्य दोबारा नहीं करेगा। इस बीच, परिवार ने आरोपियों के लिए मौत की सजा की मांग की है।








