Staff Reporter, Jaipur: राजस्थान की राजनीति के लिए अहम खबर है. राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों पर भाजपा का गणित अब पूरा हो चुका है. सूत्रों की माने तो इस बार भाजपा 10 सीटों पर नए चेहरों को मैदान में उतारेगी वहीँ बाकी सीटों पर रिपीट कैंडिडेट भी उतार सकती है.
सूत्रों का कहना है कि बहुत जल्द सभी नामों का ऐलान कर दिया जाएगा. इनमें माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी को फिर से चित्तौड़गढ़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को कोटा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को बीकानेर, झालावाड से दुष्यन्त सिंह, जोधपुर से केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, बाड़मेर से केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी को फिर से मौका मिल सकता है. वहीं जयपुर शहर से आरसी बोहरा फिर से मैदान में उतर सकते हैं.
पार्टी सूत्रों का दावा है कि नए चेहरे में राजेंद्र राठौड़ को राज समंद, सतीश पूनिया को अजमेर या जयपुर ग्रामीण से मौका मिल सकता है. राखी राठौड़ भी जयपुर ग्रामीण से रेस में है. बांसवाड़ा डूंगरपुर सीट पर कांग्रेस से आए महेंद्रजीत मालवीय को टिकट मिल सकता है.
उदयपुर, भरतपुर, बांसवाड़ा डुंगरपुर, दौसा, सिरोही, अजमेर, जयपुर ग्रामीण, राजसमंद, झुंझुनूं, अलवर, टोंक सवाई माधोपुर सीट से पार्टी इस बार नए चेहरे लड़ाने का निर्णय लिया है.
कई सांसदों का टिकट कटा, नए चेहरों को मिलेगा मौका
भारतीय जनता पार्टी की इस पहली सूची से पहले सूत्रों ने कई दावे किए हैं. उनका कहना है कि बहुत जल्द ही नामों का ऐलान हो जाएगा. इसमें पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री समेत कई सांसदों का टिकट फाइनल किया गया है.
हालांकि कई सीटिंग सांसदों का नाम कट भी गया है. इस बार भाजपा ने 400 पार का नारा दिया है, इसके तहत नामों को लेकर सर्वे आदि के बाद सहमति बनाई गई है.
नामों पर बन गई है सहमति, बस ऐलान होना है बाकी
यह लिस्ट किसी भी समय आ सकती है. इसको लेकर गुरुवार रात को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई और इसमें ही नामों पर मंथन हुआ था. सूत्रों का कहना था कि इस बार बीजेपी पहली ही सूची में 150 से 170 नामों की घोषणा कर सकता है.
हालांकि पुराने चेहरों के टिकट पर संकट बताया जा रहा है. भाजपा ने आतंरिक सर्वे के बाद नामों को फाइनल किया है. जो उम्मीदवार जीत की प्रबल दावेदारी और संभावना वाला है; उसे टिकट दिया गया है.








