Jambhsar Media Digital Desk: भारतीय रेल (Indian Railways) को लाइफ-लाइन माना जाता है। लाखों लोग रोजाना ही ट्रेन से सफर करते हैं। आज भी ज्यादातर देशवासियों की यात्रा के लिए पहली पसंद ट्रेन ही है, ऐसा इसलिए क्योंकि, कम पैसे में ज्यादा दूरी आप तय कर पाते हैं।
हर तबके के लोग ट्रेन से ही सफर करना चाहते हैं। लंबी दूरी तय करने के लिए इससे सस्ता और बेहतर ऑप्शन कुछ और हो ही नहीं सकता है। ट्रेन में यात्रा करने के लिए टिकट सबसे जरुरी चीज होती है। टिकट लिए बिना ट्रेन में यात्रा करना खतरे से खाली नहीं होता है।
लेकिन, आपको जानकर हैरानी होगी कि कई बार लोगों के पास टिकट होने के बावजूद भी उनपर जुर्माना लगा दिया जाता है। जी हां एक ऐसा ही मामला सामने आया है।
भारतीय रेलवे द्वारा महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाए गए अभियान ‘महिला सुरक्षा’ के तहत 1 मई से 15 मई 2024 तक पूर्व मध्य रेलवे द्वारा चलाए गए अभियान में 615 पुरुष यात्रियों को महिला कोच में सफर करते हुए पकड़ा गया। इन यात्रियों पर रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत जुर्माना भी लगाया गया है।
महिलाओं की सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि रेलवे महिलाओं की सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। ‘महिला सुरक्षा’ अभियान इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। इस अभियान के तहत महिला कोच में अवैध रूप से यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
615 पुरुष पकड़े गए
पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न मंडलों में चलाए गए 15 दिवसीय अभियान में कुल 615 पुरुष यात्रियों को महिला कोच में सफर करते हुए पकड़ा गया है। इनमें से सबसे ज्यादा 355 यात्री दानापुर मंडल में पकड़े गए हैं। इसके बाद पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 151, सोनपुर मंडल में 56 और समस्तीपुर मंडल में 53 पुरुष यात्रियों को पकड़ा गया। इन सभी यात्रियों पर जुर्माना लगाया गया।
पकड़े गए पुरुष यात्रियों ने तमाम दलीलें दीं। कुछ ने कहा कि उन्होंने ट्रेन दौड़कर पकड़ी थी, इसलिए महिला कोच पर ध्यान नहीं दिया। कुछ ने कहा कि वे कोच के बाहर लिखे संकेत नहीं पढ़ पाए थे। यात्रियों ने टीटी से मिन्नतें भी कीं, लेकिन रेलवे का रुख सख्त रहा और सभी से जुर्माना वसूला गया।
आपको बता दें कि यह अभियान रेलवे द्वारा महिलाओं के लिए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। रेलवे सभी यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे नियमों का पालन करें और महिला कोच में सफर न करें। यदि आपको महिला कोच में कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है, तो कृपया तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को सूचित करें।
जरुरी सूचना
रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत महिला कोच में सफर करने वाले पुरुष यात्री पर 500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल के जवान महिला कोच में नियमित रूप से चेकिंग करते हैं। यदि आप महिला कोच में किसी पुरुष यात्री को देखते हैं, तो आप रेलवे सुरक्षा बल को 182 पर कॉल करके सूचित कर सकते हैं।








