Jambhsar Media News Digital Desk नई दिल्ली: हनुमानगढ़ जंक्शन अम्बेडकर चौक से हाउसिंग बोर्ड जाने के लिए अंडरपास निर्माण की कवायद फिर से शुरू हो चुकी है। इसका निर्माण नगर परिषद करने जा रही है।
हनुमानगढ़ जंक्शन अम्बेडकर चौक से हाउसिंग बोर्ड जाने के लिए अंडरपास निर्माण की कवायद फिर से शुरू हो चुकी है। इसका निर्माण नगर परिषद करने जा रही है। अगले सप्ताह इसकी निविदा जारी की जाएगी। यह योजना सिरे चढ़ने से हाउसिंग बोर्ड के नागरिकों को इसका लाभ मिलेगा। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले इस मार्ग पर नगर परिषद अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करेगी। सड़क के दोनों तरफ बीस से पच्चीस फीट अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही होगी। विधानसभा चुनाव से पहले नप कर्मियों की ओर से इस मार्ग पर लाल निशान लगाने की कार्यवाही की जा चुकी है।
हाउसिंग बोर्ड से अम्बेडकर चौक आने के लिए पांच मिनट लगेंगे। नगर परिषद के अनुसार इस रेलवे लाइन पर 5.5 गुणा 2.7 मीटर के बॉक्स रखे जाएंगे। इस अंडरपास पर करीब 3.86 करोड़ का आंकलन किया गया है। विधानसभा चुनाव से पहले रेलवे जनरल एरेंजमेंट ड्राइंग (जीएडी) को अप्रूवड कर चुकी है। इस मार्ग पर अंडरपास की लंबाई दोनों तरफ 60-60 मीटर होगी। यहां के नागरिकों के लिए दोनों तरफ 3.5 मीटर सड़क की चौड़ाई होगी और 0.25 मीटर पर ड्रैनेज सिस्टम के लिए नाले का निर्माण करने की भी योजना बनी हुई है।
मास्टर प्लान में अम्बेडकर चौक से नवनिर्मित डिवाइडर वाली सड़क से होते हुए कब्रिस्तान की दीवार तक सड़क की चौड़ाई सौ फीट है। इसके आगे जाकर सड़क की चौड़ाई 80 फीट है। विधानसभा चुनाव से पहले नगर परिषद ने सड़क के सेंटर प्वाइंट से 40-40 फीट सड़क के हिसाब से अतिक्रमण चिन्हित करते हुए लाल निशान लगाए थे।
हनुमानगढ़ की जनता को एक अंडरपास की सौगात देने की तैयारी हो चुकी है। अब अंडरपास का निर्माण कराने के लिए निविदा जारी की जानी है। निविदा जारी करने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। यह कार्यवाही पूरी होने पर जल्द ही कार्य शुरू करवाया जाएगा।
अंडरपास के निर्माण में 15 प्रीकास्ट बॉक्स लगेंगे। रेलवे लाइन के नीचे ओपन कट तरीके से बॉक्स रखे जाएंगे। इसका मतलब यह है कि पांच से छह घंटे के लिए रेलवे की पटरी के कुछ हिस्से को हटाया जाएगा। और इस समय सीमा के दौरान बॉक्स रखने का काम होगा।प्रीकास्ट बॉक्स की ऊंचाई व चौड़ाई अंदर की तरफ 5.5 गुणा 2.7 मीटर होगी।








