Jambhsar Media Digital Desk: इस साल के अंत तक इंदौर को अपनी पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिल सकती है। इस बात की पूरी संभावना है कि यह ट्रेन इंदौर से मुंबई के बीच चलेगी। पश्चिम रेलवे ने टाइम टेबल कॉन्फ्रेंस में इसका प्रस्ताव पहले ही भेज दिया है, जिसे रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मुंबई वंदे भारत को अक्टूबर, नवंबर या दिसंबर तक चलाया जा सकता है। इंदौर-मुंबई के बीच पहले से ही यात्रियों का काफी दबाव है और दोनों शहरों के बीच रोजाना सिर्फ एक ट्रेन अवंतिका एक्सप्रेस चलती है। इस ट्रेन में पहले से कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल है। दूसरी ट्रेन का विकल्प इंदौर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस है, लेकिन यह ट्रेन दोनों स्टेशनों से सप्ताह में सिर्फ दो दिन चलती है।
रेलवे को भी दिख रही है कमाई
ट्रेनें कम होने की वजह से कई यात्री इंदौर-दौंड एक्सप्रेस का विकल्प चुनने को मजबूर हैं, लेकिन उसमें यात्रियों को कल्याण-वसई रोड पर उतरकर मुंबई जाना पड़ता है। यही वजह है कि रेलवे को इस रूट पर स्लीपर वंदे भारत के सफल होने और कमाई की भी संभावना दिख रही है। इससे इस रूट पर चलने वाली अन्य ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा और यात्रियों को शानदार सेमी-हाई स्पीड आधुनिक ट्रेन में यात्रा करने का विकल्प मिलेगा।








