Jambhsar Media Desk, New Delhi: सरसों के किसानों से जुडी अहम अपडेट सामने आई है. प्रदेश में सरसों की खरीद के लिए कृषक पंजीयन की सीमा को 120 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है। पूर्व में यह 100 प्रतिशत तक थी। इस निर्णय से 231 खरीद केन्द्रों पर अब 30 हजार 127 किसानों को अतिरिक्त लाभ प्राप्त हो सकेगा।
बढ़ी हुई पंजीयन सीमा का लाभ किसान 15 मई से प्राप्त कर सकेंगे। प्रबन्ध निदेशक, राजफैड जयपुर नारायण सिंह ने बताया कि भारत सरकार ने सरसों खरीद के लिए 14,61,028 मेट्रिक टन का लक्ष्य स्वीकृत किया है। राज्य में 14 मई तक सरसों खरीद के 3 लाख 16 हजार 737 पंजीयन हो चुके हैं।
सरसों विक्रय के लिए 209764 किसानों को तारीख आवंटित कर 122454 किसानों से 1475 करोड़ रुपए मूल्य की लगभग 2.61 लाख मेट्रिक टन सरसों खरीद की जा चुकी है।
चने का लक्ष्य तय
प्रबंध निदेशक ने बताया कि भारत सरकार ने 452365 मेट्रिक टन चने की खरीद की मंजूरी दी है। चना विक्रय के लिए 32351 किसानों ने पंजीकरण करवाया हुआ है। इनमें से 28620 किसानों को तुलाई की तारीख आवंटित करने के बाद केवल 642 किसान 1253 मेट्रिक टन चना खरीद केन्द्रों पर लाए। चने का बाजार भाव समर्थन मूल्य से अधिक होने के कारण किसान खरीद केन्द्रों पर चना बेचने में रूचि नहीं ले रहे हैं।
किसान यह करें
भारत सरकार की ओर से घोषित सरसों का समर्थन मूल्य 5650 का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को संबंधित क्रय केन्द्र / ई-मित्र के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजों सहित (गिरदावरी, बैंक पासबुक, जन-आधार कार्ड) शीघ्र पंजीयन करवाने की सलाह दी गई है।
यह करने पर उन्हें अपनी फसल की तुलाई के लिए तिथि प्राथमिकता से आवंटित की जा सकेगी। किसानों से अपनी फसल को साफ-सुथरा करके तथा सूखा कर लाने की अपील की गई है। किसान अपनी समस्या का समाधान हेल्पलाइन नम्बर 18001806001 पर संपर्क कर सकते हैं।








