Jambhsar Media, New Delhi: अनूपगढ़ के जैतसर कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्र में, सरसों की फसल के अच्छे उत्पादन के बाद, अब किसानों की खुशी बढ़ी है। सरसों की सरकारी खरीद आज से शुरू हो गई है, जिससे न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों की फसल खरीदी जाएगी।
राजफैड की ओर से एक अप्रेल से सरसों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद प्रारंभ करने की घोषणा की गई है, लेकिन किसानों को ऑनलाइन पंजीयन में मिलने वाली तिथि के चलते किसानों को सप्ताहभर तक का इंतजार करना पड़ सकता है।
क्षेत्र के किसान प्रगट सिंह बराड़, रुपेन्द्रजीत सिंह गिल, धर्मपाल बेनीवाल सहित अन्य किसानों ने बताया कि सरसों के बाजार भावों में लगातार अस्थिरता होने से किसानों में सरसों की बिक्री को लेकर असमंजस की स्थिति है। ऐसे में सरसों की सरकारी खरीद प्रारंभ होने से किसानों को फसल का उचित भाव मिल पाएगा।
5650 रुपए है एमएसपी
न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरसों की सरकारी खरीद करने के लिए सरकार की ओर से अधिकृत राजफैड व क्रय-विक्रय सहकारी समिति के व्यवस्थापक इकबाल सिंह ने बताया कि सरसों का एमएसपी भाव 5650 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है।
वहीं एक अप्रेल से सरसों की एमएसपी खरीद शुरू हुई है। इसके लिए कृषि उपज मण्डी समिति की ओर से सरसों की सरकारी खरीद के लिए 6 नंबर शैड राजफैड को आवंटित किया गया है।
अब तक 50 किसान सरसों की एमएसपी पर बिक्री के लिए ऑनलाइन पंजीयन करवा चुके हैं। वहीं एक किसान से पांच क्विंटल प्रति बीघा की औसत से अधिकतम पच्चीस क्विंटल सरसों की खरीद की जाएगी।








