कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में एक हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई और मंदिर के मुख्य दरवाजे पर खालिस्तान जनमत संग्रह के पोस्टर चिपका दिए गए। ऑस्ट्रेलिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, कनाडा में शनिवार देर रात खालिस्तान जनमत संग्रह के पोस्टरों के साथ चरमपंथी तत्वों द्वारा एक हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई। यह घटना कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में हुई। मंदिर के अध्यक्ष सतीश कुमार के अनुसार, मामले की सूचना रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) की सरे टुकड़ी को दी गई थी।
ऑस्ट्रेलिया टुडे ने ट्विटर पर कहा, “#ब्रेकिंग #कनाडा में #खालिस्तान चरमपंथियों द्वारा एक और #हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई – #भारतीय समुदाय के बीच डर पैदा करने के लिए हिंदू मंदिर के दरवाजे पर फर्जी #खालिस्तान जनमत संग्रह के पोस्टर लगाए गए।” ऑस्ट्रेलिया टुडे द्वारा साझा किए गए फोटो में लिखा है कि “कनाडा 18 जून की हत्या में भारत की भूमिका की जांच कर रहा है”। दरवाजे पर लगे पोस्टर में हरदीप सिंह निज्जर की फोटो भी थी। घटना का वीडियो भी X/ट्विटर प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया है।
ऑस्ट्रेलिया टुडे द्वारा साझा किए गए वीडियो में दो नकाबपोश लोगों को पोस्टर चिपकाते और घटनास्थल से भागने से पहले तस्वीरें लेते हुए दिखाया गया है। मंदिर के गेट पर लगे पोस्टर में खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के प्रमुख और नामित आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर (Hardeep Singh Nijjar) की तस्वीर भी थी, जो 18 जून को मारा गया था।
हरदीप सिंह निज्जर कनाडा के सरे (Surrey) में गुरु नानक सिख गुरुद्वारा साहिब के प्रमुख थे। 18 जून की शाम को गुरुद्वारे के परिसर में दो अज्ञात लोगों ने उनकी हत्या कर दी थी। वह अलगाववादी संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) का प्रमुख था।
कनाडा में हिंदू मंदिर पर यह पहला ऐसा हमला नहीं है। खालिस्तानी चरमपंथियों द्वारा ऐसी कई घटनाओं को अंजाम दिया गया है। इसी साल कई और घटनाएं भी दर्ज की गईं। इस साल अप्रैल में, कनाडा के ओंटारियो के विंडसर में भारत विरोधी पोस्टर के साथ बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर में तोड़फोड़ की गई थी। विंडसर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जारी किया है जिसमें दो संदिग्ध हिंदू मंदिर की दीवारों पर स्प्रे पेंटिंग करते दिख रहे हैं। इससे पहले फरवरी में कनाडा के मिसिसॉगा में राम मंदिर में भारत विरोधी प्रो खालिस्तानी पोस्टर्स के साथ तोड़फोड़ की गई थी। टोरंटो में भारत के कोंसुल जनरल दूतावास ने मंदिर को तोड़ने की निंदा की और कनाडाई अधिकारियों से घटना की जांच करने और अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने का अनुरोध किया था।
जनवरी में, ब्रैम्पटन में एक हिंदू मंदिर की दीवारों पर एंटी इंडिया पोस्टर्स लगाए गए और तोड़फोड़ की गई, जिसके बाद भारतीय समुदाय ने आक्रोश आक्रोश जाहिर किया। तब ब्रैम्पटन के मेयर पैट्रिक ब्राउन ने मंदिर की दीवारों पर भारत के प्रति नफरत भरे संदेश लिखने की घटना की निंदा की थी। टोरंटो में भारत के कोंसूल जनरल दूतावास ने भी गौरी शंकर मंदिर में हुई बर्बरता की निंदा करते हुए कहा कि इस कृत्य से कनाडा में भारतीय समुदाय की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।








