Amit Shah in Parliament on Manipur: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर मणिपुर हिंसा का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर चर्चा के लिए हमेशा तैयार है। लेकिन विपक्ष कभी इस मुद्दे पर चर्चा नहीं करना चाहता था। संसद में विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान लोकसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने यह भी कहा कि मणिपुर में हिंसा कम हो रही है और उन्होंने विपक्ष से “आग में घी न डालने” का आग्रह किया।
मणिपुर में हिंसा की घटनाओं को “समाज पर धब्बा” बताते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को युद्धरत जातीय समुदायों, मैतेई और कुकी से सरकार के साथ बातचीत में शामिल होने की अपील की। सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बहस में बोलते हुए शाह ने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं पर राजनीति करना शर्मनाक है. “एक समाज के रूप में, हम मणिपुर में हिंसा की घटनाओं से शर्मिंदा हैं। लेकिन इस पर राजनीति करना और भी ज्यादा गलत है।
मणिपुर की घटना पर संसद में अमित शाह (Amit Shah in Parliament on Manipur)
लोकसभा में मणिपुर हिंसा पर बोलते हुए अमित शाह ने कहा, “मैं विपक्ष के इस दावे से सहमत हूं कि मणिपुर में जातीय झड़पें हुई हैं। मणिपुर की हिंसा शर्मनाक है, इसका राजनीतिकरण करना और भी ज्यादा शर्मनाक है।” यह कहते हुए कि राज्य में स्थिति में सुधार हुआ है, उन्होंने कहा, “मैं विपक्ष से अनुरोध करता हूं कि वे आग में घी न डालें। राहुल गांधी राजनीति करने के लिए मणिपुर गए थे। हमने राहुल गांधी से हेलीकॉप्टर के माध्यम से चुराचांदपुर जाने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने सड़क मार्ग से जाने के लिए कहा। देश ने इस पूरे ड्रामे को टीवी पर देख। अगले दिन राहुल गांधी हेलिकॉप्टर से जाना चुना लेकिन उन्होंने इसके लिए पहले हाँ नहीं की क्योंकि वो अपने प्रदर्शन का दिखावा करना चाहते थे। संकट के समय इस तरह की राजनीती नहीं होनी चाहिए।”
शाह ने मणिपुर के मुख्यमंत्री को पद से हटाने की मांग को खारिज कर दिया और कहा कि सीएम बीरेन सिंह राज्य की स्थिति से निपटने के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। गृहमंत्री शाह ने कहा, “जब राज्य का मुख्यमंत्री सहयोग नहीं कर रहा हो तो उसे बदलने की जरूरत है। यह मुख्यमंत्री केंद्र के साथ काम कर रहा है। मणिपुर में हिंसा कम हो है। “
“विपक्ष कभी भी इस मुद्दे पर चर्चा नहीं चाहता था क्योंकि वे सार्थक चर्चा के बजाय हंगामा चाहते थे” उन्होंने आगे कॉंग्रेस पर आरोप लगते हुए कहा। “मैं पहले दिन से ही मणिपुर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार था, लेकिन विपक्ष कभी चर्चा नहीं चाहता था। विपक्ष नहीं चाहता कि मैं बोलूं लेकिन वे मुझे चुप नहीं करा सकते। 130 करोड़ लोगों ने हमें चुना है इसलिए उन्हें हमें सुनना पड़ेगा। हमारी सरकार के पिछले छह वर्षों के दौरान, कर्फ्यू की जरूरत कभी नहीं पड़ी।”
उन्होंने विपक्ष पर यह गलत धारणा फैलाने का आरोप लगाया कि सरकार चर्चा से बच रही है। हिंसक झड़पों के पीछे का कारण बताते हुए, केंद्रीय मंत्री ने अप्रैल में उच्च न्यायालय के एक फैसले का भी उल्लेख किया, जिसमें राज्य सरकार को मैतेई (Meitei) समुदाय को अनुसूचित जनजाति (ST) सूची में जोड़ने पर विचार करने का निर्देश दिया गया था। अमित शाह ने कहा, “इस आदेश ने स्थिति को और खराब कर दिया।”
मणिपुर में 3 मई से शुरू हुई इस हिंसक घटना में मरने वालों की संख्या बताते हुए गृह मंत्री ने यह भी कहा कि 3 मई को भड़की हिंसा के बाद से मणिपुर में मरने वालों की संख्या कम हो रही है। “मई में (मणिपुर में) 107 लोग मारे गए थे। जून में 30, जुलाई में 15 मारे गये. मई में मारे गए 107 लोगों में से 68 लोग 3, 4 और 5 मई को मारे गए। मैं यहां जो कहना चाहता हूं वह यह है कि हिंसा धीरे-धीरे कम हो रही है और हमें आग में घी नहीं डालना चाहिए।’
अविश्वास प्रस्ताव पर अमित शाह के दो घंटे के भाषण के बाद लोकसभा आज के लिए स्थगित करने की मंजूरी दे दी। अब बहस गुरुवार सुबह 11 बजे फिर से शुरू होगी।








