प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लोकसभा में मणिपुर हिंसा पर बोलते हुए पूर्वोत्तर राज्य के लोगों को राज्य में जल्द शांति स्थापित होने का आश्वासन दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “देश आपके साथ है, यह संसद आपके साथ है। हम मिलकर इस चुनौती के समाधान के रास्ते खोजेंगे, जल्द ही फिर से शांति स्थापित होगी। मैं मणिपुर के लोगों को आश्वासन देता हूँ कि राज्य फिर से प्रगति का गवाह बनेगा।” इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वोत्तर हमारा जिगर का टुकड़ा है।
विपक्ष द्वारा संसद में मोदी सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का जवाब देते हुए उन्होंने मणिपुर की घटनाओं पर भी राज्य के लोगों को आश्वासन दिया है। काँग्रेस के लोकसभा सांसद गौरव गोगोई ने मंगलवार को संसद में सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। अविश्वास की बहस की शुरुआत करते हुए गौरव गोगोई ने कहा था कि विपक्ष यह प्रस्ताव मणिपुर के लिए लाया है। इसी अविश्वास प्रस्ताव की बहस के तीसरे और अंतिम दिन नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर लगातार पलटवार किए। पीएम मोदी ने विपक्ष के नवनिर्मित गठबंधन इंडिया (I.N.D.I.A) की विश्वसनीयता पर हमला करते हुए कहा कि “विपक्ष को जिंदा रहने के लिए ‘NDA’ की जरूरत थी, उन्होंने बस इसमें दो ‘I’ (आई) जोड़ दिए है। काँग्रेस का अपना कुछ नहीं है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 2 घंटे के सम्बोधन की शुरुआत देश की जनता को मोदी सरकार पर भरोसा जताने के लिए धन्यवाद देते हुए की। उन्होंने आगे कहा कि ‘अविश्वास प्रस्ताव हमारे लिए भाग्यशाली ही साबित होता रहा है, और यह भी सुनिश्चित करेगा कि हम रिकार्ड तोड़ जनादेश के साथ फिर से सरकार में लौटें।’
विपक्ष के मणिपुर मुद्दे पर जारी हंगामे के दौरान मोदी ने मणिपुर की जनता को संबोधित करते हुए आश्वासन दिया कि राज्य में जल्द शांति की बहाली होगी और राज्य फिर प्रगति की राह पर होगा। “मणिपुर में महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराध हुआ और यह अक्षम्य है। केंद्र और राज्य सरकारें दोषियों को सख्त सजा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं। मैं देश के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि शांति बहाल होगी और मणिपुर नये आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेगा।” पीएम मोदी ने कहा, “मैं मणिपुर की महिलाओं से कहना चाहता हूं कि देश उनके साथ खड़ा है। यह संसद उनके साथ है। हम मिलकर इस चुनौती का समाधान ढूंढेंगे और वहां एक बार फिर शांति स्थापित होगी। मैं मणिपुर के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि राज्य फिर से प्रगति देखेंगे। पूर्वोत्तर में सभी समस्याओं का मूल कारण कांग्रेस की पिछली नीतियां हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने काँग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “काँग्रेस ने कभी भी पूर्वोत्तर की भावनाओं को समझने का प्रयास नहीं किया। मैं 50 बार पूर्वोत्तर का दौरा कर चुका हूँ, यह सिर्फ डाटा नहीं है, ये पूर्वोत्तर के प्रति समर्पण है।”
मणिपुर पर बोलने से पहले मोदी ने विपक्ष पर लगातार हमले किए, उन्होंने कहा, “ये लोग (विपक्ष) वे है जिन्होंने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के टुकड़े कर दिए। ये लोग ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ का नारा लगाने वालों को बढ़ावा देते है। वे उन लोगों का समर्थन करते है जो कहते है कि सिलीगुड़ी के निकट कॉरिडॉर को नष्ट करके पूर्वोत्तर को भारत से अलग करने की बात करते है।”








