Jambhsar Media Digital Desk : सरकार ने रसोई गैस की कीमतों में कटौती के बाद अब पेट्रोल और डीजल (Petrol-Diesel) की कीमतों में कमी का ऐलान किया है। दरअसल हाल ही में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक आपको बता दें कि देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है।
रसोई गैस की कीमतों में कटौती के बाद सरकार ने गुरुवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी का ऐलान किया है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है। इससे पहले सीएनजी की कीमत में भी कटौती की जा चुकी है।
दिल्ली में अब पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर हो गया है। गुरुग्राम में डीजल 88.42 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल 95.57 रुपये प्रति लीटर में मिलेगा। नोएडा में पेट्रोल की कीमत 96.58 रुपए प्रति लीटर से घटकर 94.66 रुपए प्रति लीटर हो गई है। गौतमबुद्धनगर में डीजल की कीमत 89.76 रुपए प्रति लीटर से घटकर 87.75 रुपए हो गई है।
गाजियाबाद में पेट्रोल की कीमत पहले 96.58 रुपए लीटर थी जो अब 94.65 रुपए लीटर है। गाजियाबाद में एक लीटर डीजल के लिए आपको 90.80 नहीं बल्कि अब 87.75 रुपए ही देने होंगे। फरीदाबाद में अब आपको एक लीटर पेट्रोल के लिए 95.50 रुपए ही खर्च करने होंगे। पहले यह कीमत 97.49 रुपए थी। फरीदाबाद में डीजल की कीमत 90.35 रुपए प्रति लीटर से कम होकर 88.35 रुपए हो गई है।
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय बाजार से सस्ता तेल खरीदने की कोशिश की, इसलिए दाम घटे हैं। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने करीब 22 महीनों के बाद पेट्रोल-डीजल के दाम दो रुपये घटाकर आम लोगों को राहत देने की कोशिश की है। माना जा रहा है कि यह कदम चुनाव की तारीखों का ऐलान करीब होने के बीच उठाया गया है। पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें करीब दो साल से स्थिर बनी हुई थीं। पेट्रोल डीजल की कीमतें मई 2022 से नहीं बदली हैं।
रूस-यूक्रेन युद्ध छिड़ने से उस समय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गई थी। हालांकि, तब केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी घटाकर आम लोगों को राहत दी थी। सरकार ने पेट्रोल पर प्रति लीटर आठ रुपये और डीजल पर छह रुपये एक्साइज ड्यूटी घटाई थी।








