Jambhsar Media Desk, New Delhi: नोएडा एअरपोर्ट के पास मुंबई जैसी सिटी बनाने की तैयारी की जा रही है. इसको लेकर रूपरेखा तैयार कर ली गई है. यमुना प्राधिकरण में बुधवार को खोली गई वित्तीय निविदा में पांच कंपनियों में से कुशमन एंड वेकफील्ड इंडिया प्रा. लि. का चयन फिनटेक सिटी की विस्तृत परियाेजना रिपोर्ट तैयार करने के लिए किया गया है।
कंपनी 45 दिन में अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। फिनटेक सिटी यीडा समेत गौतमबुद्ध नगर में आर्थिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र बनेगा। इसमें हजारों लोगों को रोजगार के अवसर के साथ वित्तीय संस्थानों से संबंधित कार्यों को एक ही क्लस्टर में कराने की सुविधा मिल जाएगी।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कारण तेजी से आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। वाणिज्य के साथ औद्योगिक ढांचे का यीडा क्षेत्र में विकास हो रहा है।
सेक्टर 13 में बनेगी फिनटेक सिटी
इसलिए यमुना प्राधिकरण ने सेक्टर 13 में फिनटेक सिटी के विकास का निर्माण लिया है। इसे सौ एकड़ में विकसित किया जाएगा। प्राधिकरण ने इसकी रूपरेखा तैयार करने के लिए कंपनियों ने प्रस्ताव मांगे थे।
वैश्विक निविदा में सीबीआरई साउथ एशिया प्रा. लि., कुशमन एंड वेकफील्ड इंडिया प्रा. लि., जोन्स लेंग ला सेले प्रापर्टी कंसल्टेंट इंडिया प्रा. लि., ट्रेक्टेबल इंजीनियर्स प्रा. लि. और वायन्ट्स सल्यूशन प्रा. लि. तकनीकी निविदा में सफल रही थीं।
वित्तीय निविदा में कुशमन एंड वेकफील्ड इंडिया प्रा. लि. का चयन किया गया है। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि 45 दिन में कंपनी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करेगी।
विकास के मॉडल पर देगी सुझाव
चयनित कंपनी फिनटेक सिटी के विकास पर सुझाव देगी कि इसे पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाए या फिर प्राधिकरण सीधे वित्तीय संस्थानों को सीधे भूखंड का आवंटन करे।
इसके साथ ही फिनटेक सिटी में कौन-कौन सी सुविधाएं विकसित होनी चाहिए, इनके लिए किनता क्षेत्र आरक्षित किया जाएगा।
फिनटेक सिटी को विशेष आर्थिक क्षेत्र के रूप में विकसित करना फायदेमंद होगा की नहीं। केंद्रीय वित्तीय संस्थानों के लिए फिनटेक सिटी की केंद्र सरकार से अधिसूचना जारी करना जरूरी है या नहीं आदि पर भी कंपनी अपने सुझाव देगी।
मुंबई की तरह बनेगी आर्थिक गतिविधियों का केंद्र
मुंबई को देश की आर्थिक राजधानी की पहचान मिली हुई है। इसी की तर्ज पर फिनटेक सिटी को वाणिज्यक एवं वित्तीय संस्थानों के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
पचास प्रतिशत में कामर्शियल, शेष में आवासीय, काेर फाइनेंशियल सर्विस सेंटर, ट्रेनिंग सेंटर, ग्लोबल सेंटर आफ एक्सीलेंस, एलाइड कामर्शियल सर्विस, फाइनेंशियल प्रोसेसिंग, बैंक, वित्तीय, शेयर एक्सचेंज, बीमा कंपनियों के कार्यालय समेत वित्तीय क्षेत्र से संबंधित गतिविधियां होंगी। इसका 250 एकड़ तक विस्तार किया जाएगा।
देश में बढ़ रहा फिनटेक मार्केट
2022 में भारत में 46 प्रतिशत लेनदेन रियल टाइम में हुआ। भारत में फिनटेक मार्केट 15000 करोड़ रुपये का है। 2030 में यह बढ़कर 23700 करोड़ रुपये का हो जाएगा।








