Jambhsar Media, New Delhi: प्रवासी राजस्थानी मजदूरों व व्यापारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. अब बढ़ते यात्रीभार को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. राजस्थान के कोटा मंडल से गुजरात व मुंबई के लिए नई रेल सेवा चलाई जाएगी. ये ट्रेन किस रूट से होकर चलेगी और किन स्टेशनों पर होगा इस साप्ताहिक ट्रेन का ठहराव? बताते है आपको इस रिपोर्ट में…
रेल प्रशासन की ओर से समर सीजन में अतिरिक्त यात्री भार को ध्यान में रखते हुए कोटा मंडल के रास्ते स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय किया गया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के अनुसार सुबेदारगंज-बांद्रा टर्मिनल-सुबेदारगंज के बीच चलने वाली यह ट्रेन मंडल के गंगापुरसिटी के अलावा कोटा, सवाईमाधोपुर व बयाना के रास्ते चलाई जाएगी।
यह साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में सुबेदारगंज से सोमवार को एवं बांद्रा टर्मिनल से मंगलवार को 26 फरवरी से 26 मार्च के बीच चलाई जाएगी।
जिसमें विभिन्न श्रेणी के 22 कोच होंगे। यह ट्रेन दोपहर 3 बजकर 35 मिनट पर गंगापुरसिटी एवं शाम 4 बजकर 23 मिनट पर सवाईमाधोपुर पहुंचेगी। इसी प्रकार वापसी में रात्रि 2 बजकर 40 मिनट पर सवाईमाधोपुर एवं 3 बजकर 30 मिनट पर गंगापुरसिटी आएगी।
इन स्टेशनों पर भी होगा ठहराव
यह गाड़ी दोनों दिशाओं में सुबेदारगंज-बांद्रा के बीच फतेहपुर, कानपुर सेन्ट्रल, इटावा, टूंडला, आगरा फोर्ट, फतेहपुर सीकरी, बयाना, गंगापुरसिटी, सवाईमाधोपुर, कोटा, रतलाम, वड़ोदरा, सूरत, बलसाड़, वापी एवं बोरीवली स्टेशनों पर रुकेगी।








