Jambhsar Media, New Delhi : Lok Sabha Chunav: राजस्थान में लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के दिग्गजों का भाजपा में शामिल होने का सिलसिला अब भी जारी है। चुनावी तारीखों के ऐलान से पहले शनिवार को कांग्रेस के कुनबे से कई और नेता भाजपा की सदस्या लेने जा रहे हैं। इनमें पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व जिला प्रमुख समेत कई कांग्रेस नेता शामिल हैं।
लोकसभा चुनाव से पहले राजस्थान कांग्रेस में उथल पुथल मची हुई है। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होते जा रहे हैं। पिछले सप्ताह पूर्व कैबिनेट मंत्रियों, पूर्व विधायकों सहित 25 कांग्रेसी नेता और हजारों कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए थे। यह सिलसिला अब भी जारी है। शनिवार 16 मार्च को कांग्रेस के कुछ दिग्गज नेता भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। सुबह 11 बजे बीजेपी मुख्यालय में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी कई नेताओं को बीजेपी की सदस्यता दिलाएंगे।
कौन कौन दिग्गज कांग्रेस छोड़ भाजपा में हो रहे शामिल
पार्टी की ओर से मीडिया को निमंत्रण भेजा गया है कि बीजेपी मुख्यालय में सुबह 11 बजे विभिन्न दलों के नेता भाजपा ज्वाइन करेंगे। पार्टी की ओर से किसी नेता का नाम नहीं बताया गया है लेकिन जानकारी के मुताबिक बीजेपी में शामिल होने वालों में पूर्व सांसद डॉ. करण सिंह यादव, महेंद्रगढ (हरियाणा) पूर्व विधायक मेजर ओपी यादव की पुत्रवधू कविता यादव और अंजली यादव, पुष्कर से पूर्व विधायक सुरेश टांक, अलवर के पूर्व जिला प्रमुख बलवीर सिंह छिल्लर, ऑल इंडिया यादव महासभा के महासचिव दिनेश यादव, अलवर के मालाखेड़ा प्रधान वीरमति, उमरैण प्रधान दौलतराम सहित अन्य नेताओं के नाम है।
पूर्व सांसद डॉ. करण सिंह यादव शुक्रवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके हैं। शुक्रवार को बहरोड़ में उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा था कि जल्द ही वे नया कदम उठाएंगे। आरएलपी के उम्मेदाराम भी पार्टी छोड़ चुके हैं, उनके भी बीजेपी में आने के कयास हैं।








